भिवाड़ी में मनी ट्रांसफर एजेंट से लूटपाट में शामिल विपुल
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के मोहल्ला बाससिताब राय निवासी युवक की हत्या की वारदात में गिरफ्तार विपुल उर्फ ठोलिया ने राजस्थान के भिवाड़ी में भी एक मनी ट्रांसफर एजेंट से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मनी ट्रांसफर एजेंट से हुई इस लूट के मामले में भिवाड़ी पुलिस ने सोमवार रात को दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद यह खुलासा हुआ है। भिवाड़ी में 16 अप्रैल को बाइक सवार तीन बदमाशों ने मनी ट्रांसफर एजेंट के साथ 7.10 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में पुलिस ने मंगलवार को लूट में सहयोग करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। लूट के मामले में पांच आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने लूटे गई नकदी में से दो लाख रुपये, दो बाइक व एक कार को भी बरामद कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि मंगलवार को लूट में मददगार रहे दो सगे भाई ओमप्रकाश व रोहताश निवासी नंगलिया बंध को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में विपुल उर्फ ठोलिया भी शामिल था जिसको इस लूट में पैसे मिले थे।