अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। एसपी की स्पेशल टीम ने हांसाका बस स्टैंड पर एक कार से दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो किलो गांजा बरामद किया है। टीम प्रभारी एएसआई विद्या सागर ने बताया कि उन्हें हांसाका निवासी अनिल उर्फ चील और पंकज उर्फ मराठी द्वारा कार मे गांजा लेकर आने की सूचना मिली थी। इस सूचना उन्होंने सदर थाने के ड्यूटी ऑफिसर को दी। स्पेशल टीम की मदद से सदर थाना पुलिस ने हांसाका बस स्टैंड पर उक्त आरोपियों की कार को जांच के लिए रुकवा लिया। कार में उक्त आरोपी सवार थे। उनके पास एक बैग भी रखा था। बैग खोलकर देखने पर उसमें गांजा पत्ती भरी थी। जिसकी सूचना ड्यूटी ऑफिसर ने डीएसपी मुख्यालय गजेंद्र कुमार को दी। सूचना मिलते ही डीएसपी गजेंद्र वहां पहुंचे और गांजा पत्ती व कार को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।