तस्करों ने पुलिस वाहन को टक्कर मार किया पथराव
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के राव अभय सिंह चौक के समीप सोमवार रात को पुलिस टीम पर हमला कर गो तस्कर फरार हो गए। इससे पहले तस्करों ने पुलिस पर पथराव भी किया।
सिटी थाने के एसआई धर्मवीर सिंह ने शिकायत देकर बताया कि वह एसपीओ सोमेश कुमार और चालक एचसी विजेंद्र सिंह के साथ सोमवार रात गश्त पर थे। कंट्रोल रूप से सूचना मिली कि नाईवाली चौक की तरफ से एक टाटा-407 आ रही है। इसमें गाय भरी हुई हैं। पुलिस की टीम ने पोसवाल चौक की तरफ से आ रही एक गाड़ी को राव अभय सिंह चौक के समीप रोकने का प्रयास किया। तस्कर दिल्ली रोड की तरफ निकल भागे। इससे पहले तस्करों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर उसे पलटाने का भी प्रयास किया। इसके बाद पथराव भी किया। पुलिस ने भी अपने बचाव में हवाई फायरिंग की। टक्कर लगने से पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसी बीच तस्कर एनएच -71 की तरफ भाग गए। पुलिस ने गो तस्करों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने, गो-संवर्धन एवं संरक्षण एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।