होटल में ठहरे कंपनी के सुरक्षा प्रबंधक की संदिग्ध हालात में मौत
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के बावल रोड स्थित एक होटल में बावल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी के सुरक्षा प्रबंधक की शनिवार रात को संदिग्ध मौत हो गई। सुरक्षा प्रबंधक का शव रविवार दोपहर को होटल के कमरे से मिला है। सूचना के बाद पहुंची मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद उसके परिजनों को मामले की सूचना दी है। प्रबंधक बीस दिन से होटल में ठहरा हुआ था।
मॉडल टाउन थाना पुलिस ने बताया कि तमिलनाडु के जिला तिरूनेलवेली निवासी 42 वर्षीय पोनवलूथी अरूनाचलम बावल औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर एक में स्थित एफएलएस मिडथ कंपनी में सेफ्टी प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। उनका दो माह पहले ही तमिलनाडु से बावल स्थानांतरण किया गया था। 17 जुलाई से अरूनाचलम शहर के बावल रोड स्थित एक होटल में कमरा किराए पर लेकर रह रहे थे। यहीं से प्रतिदिन कंपनी में जाया करते थे। शनिवार को भी वे प्रतिदिन की तरह कंपनी से करीब रात दस बजे होटल पहुंचे थे। रविवार को कंपनी नहीं पहुंचे तो कर्मचारियों ने उनके मोबाइल पर फोन किया। उनका मोबाइल नहीं उठा। इसके बाद कंपनी के प्रबंधक ने दोपहर करीब 12 बजे होटल में फोन किया और बताया कि उनके होटल में ठहरे उनके सेफ्टी मैनेजर से बात करा दें। इसके बाद जब होटल कर्मी उनके कमरे में पहुंचे तो देखा कि अरुनाचलम कमरे के फर्श पर बेसुध पड़े हैं। इसके बाद कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधक के साथ मॉडल टाउन पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसी दौरान एंबुलेंस और चिकित्सक को भी होटल में बुला लिया गया। चिकित्सक ने जांच के बाद बताया कि वह मृत अवस्था में है। मामले की सूचना पाकर मॉडल टाउन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने उनके परिजनों को भी सूचना दी। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
रविवार को भिवाड़ी किराए पर मकान लेने जाना था
कंपनी के प्रोडक्शन मैनेजर भिवाड़ी निवासी चार्ल्स ने बताया कि अरुनाचलम को रविवार को भिवाड़ी किराए पर मकान लेने के लिए आना था। ब्रोकर उसे फोन कर रहा था, लेकिन फोन पर कोई जवाब नहीं मिलने पर कमरा दिलाने वाले ने उनको फोन किया। दोपहर करीब 12 बजे जब उन्होंने फोन किया तो उनका फोन भी नहीं उठाया। होटल कर्मियों से बात कराने को कहा गया तब उनकी मौत की बात पता चली।
------------------
सूचना के बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के करणों का खुलासा हो पाएगा। - अशोक कुमार, थाना प्रभारी मॉडल टाउन।