छह साल में तीन गुनी रकम करने के आरोपी पुलिस रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
छह साल में तीन गुना रकम करने का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में थाना मॉडल टाऊन पुलिस ने तीन आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपी रायबरेली जेल में धोखाधड़ी के आरोप में बंद थे। आरोपियों में गांव जड़थल निवासी हरिओम, आगरा के भावना स्टेट सिकंदर निवासी विनोद श्रीवास्तव, रायबरेली निवासी मोहम्मद मेराज शामिल हैं। अदालत ने तीनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने इसी मामले में 18 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। पुलिस को दी शिकायत में गांव गोकलगढ़ निवासी ओमप्रकाश ने बताया था कि ब्रास मार्केट स्थित एक चिटफंड कंपनी में अक्टूबर 2014 से मई 2017 तक 97 बांड खरीदे थे। उसने अपने और अपने परिवार के लोगों के करीब 14.50 लाख रुपये निवेश किए थे। मांगने पर जब कंपनी ने पैसे वापस नहीं दिए तो ओमप्रकाश ने सीएम विंडो पर शिकायत दी थी। ओमप्रकाश की शिकायत पर माडल टाउन थाना पुलिस ने कंपनी के सीएमडी विनोद श्रीवास्तव, एमडी हरिओम शर्मा, ऐजेएम अनूप गुप्ता, एमडी संजीव कुमार, विनोद, श्रीवास्तव मनीष, चंचल घोष, मेराज खान, मनोज, प्रमोद जैन, टेकचंद, विक्रम जीएआरएम, महाबीर , किशोर, कमलेश शर्मा, नरेंद्र, राजपाल, इंद्रजीत एवं अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की जांच कर रहे एएसआई संजय कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान और मामले खुलासा होने की उम्मीद है।