भिवाड़ी से गांजा लेकर आ रही महिला सहित दो गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
धारूहेड़ा। क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार की सुबह एक महिला एवं युवक को भिवाड़ी से गांजा लेकर आते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से गांजा बरामद करके उनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीआईए इंचार्ज अब्बास खान ने बताया कि सूचना मिली थी कि भिवाड़ी से स्कूटी पर एक युवक एवं महिला गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने भिवाड़ी रोड पर नाकाबंदी करके वाहनों की जांच प्रारंभ कर दी। इसी दौरान भिवाड़ी की तरफ से आ रहा स्कूटी सवार युवक एवं उसके पीछे बैठी महिला पुलिस टीम को जांच करता देखकर वापस जाने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा करके धारूहेड़ा तहसील कार्यालय के पास उनको पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से करीब दो किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किया गया युवक रेवाड़ी शहर की सरस्वती कॉलोनी निवासी विकास कुमार है जबकि महिला भी शहर के कालाका रोड निवासी वर्षा है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।