नकदी छीनने के मामले में दो अन्य आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के महाराणा प्रताप चौक पर स्थित एसबीआई के नजदीक से 13 फरवरी 2018 को बुजुर्ग से 70 हजार रुपये की नकदी छीनने की वारदात में शामिल दो और आरोपियों को बीती शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान राजीव नगर निवासी विपिन और खैरथल निवासी सतीश के रूप में हुुई है। नकदी छीनने की इस वारदात में पुलिस एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर छीनी नकदी में से 10 हजार रुपये बरामद कर चुकी है। जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2018 को सेक्टर-1 निवासी परमानंद वसु महाराणा प्रताप चौक के निकट स्थित एसबीआई से 70 हजार रुपये निकाल कर पैदल अपने घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान छीना झपटी की वारदात को अंजाम देने के लिए एक आरोपी बैंक से ही बुजुर्ग परमानंद के पीछे लगा था। परमानंद जैसे ही बैंक से पैसे लेकर बाहर निकला पीछा कर रहे आरोपी ने अपने अन्य साथियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही गिरोह के अन्य सदस्य बाइक पर सवार होकर आए और परमानंद से नकदी छीन कर फरार हो गए। पुलिस ने परमानंद की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपियों को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान छीनी गई नकदी व आरोपियों द्वारा की गई अन्य वारदातों के बारे मे गहनता से पूछताछ की जाएगी।