अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। खोल थाना क्षेत्र के गांव कंवाली से एटीएम बूथ तोड़ने की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को खोल थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान तावड़ू थाना क्षेत्र निवासी रफीक, तारीक व पंचगांवा निवासी इन्ना के रूप में हुई है। तीनों आरोपी फिलहाल किसी अन्य मामले में भौंडसी जेल में बंद थे। आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। उक्त वारदात में शामिल एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जांचकर्ता एएसआई किशोर ने बताया कि उक्त आरोपियों ने अपने साथी के साथ मिलकर 24-25 जनवरी 2018 की रात गांव कंवाली में एटीएम बूथ तोड़ कर नकदी चोरी की थी। पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। 15 जनवरी 2019 को पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के बाद उक्त आरोपियों के बारे में पता चला और पुलिस ने अब तीन आरोपियों को कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर रिमांड पर लिया है। बुधवार को आरोपियों को फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा।