रेवाड़ी। सीआइए धारूहेड़ा ने बावल क्षेत्र के बाइक चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला भरतपुर के गांव थालचना निवासी सरजीत व इस्माइल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक बाइक भी बरामद की है। जांचकर्ता प्रधान सिपाही अमित कुमार ने बताया कि शनिवार को सीआईए धारूहेड़ा टीम बावल के निकट गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की एक बाइक बेचने की फिराक में घूम रहे है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो बाइक पर सवार दो युवकों ने भागने का प्रयास किया, परंतु दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया। युवकों के पास मौजूद बाइक के कागजात की मांग की तो वे कुछ भी प्रस्तुत नहीं कर पाए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह बाइक 8 अप्रैल को बावल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी के सामने से चोरी की थी। पूछताछ में आरोपियों ने 8 मार्च को भी औद्योगिक सेक्टर-तीन स्थित एक कंपनी के सामने से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया है।