जनसभा के बाद पथराव करने वालों पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। बावल में कुरुक्षेत्र से सांसद राजकुमार सैनी की जनसभा के बाद सभास्थल पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने अज्ञात युवकों पर मामला दर्ज किया है। रविवार को बावल के राजकीय स्कूल में सांसद राजकुमार सैनी की जनसभा हुई थी। जनसभा से पूर्व संध्या पर बावल में हुए विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर जनसभा स्थल व आसपास भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था। जनसभा के बाद शरारती तत्वों ने टेंट पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव होने की सूचना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल में भी हड़कंप मच गया था। जब पुलिस स्कूल के पीछे मौके पर पहुंची तो पथराव कर रहे युवक मौके से भाग गए। बावल थाना पुलिस ने एसआइ रणबीर सिंह की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ हंगामा करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।