रेवाड़ी। शहर के नारनौल स्थित गोपाल देव चौक के पास अर्जुन नगर निवासी एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने चाकुओं से हमला कर दिया। इसमें युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। रात के समय एक कार में सवार युवकों ने घायल को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, यहां पर चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया। इधर रामपुरा थाना पुलिस का कहना है कि घायल की हालत गंभीर है, ऐसे में बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। पुलिस परिवार का पता लगा रही है, इसके चलते मुकदमा दर्ज भी नहीं हो पाया है। घायल की पहचान करीब 30 वर्षीय कृष्ण के रुप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बीती रात कार सवार कुछ युवक कृष्ण को ट्रॉमा सेंटर की स्ट्रेचर पर लेटा कर वहां से चलते बने। ट्रॉमा सेंटर स्टाफ ने घायल को भर्ती किया, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया।
तीन दिन तक डॉक्टरों ने बात करने से मना किया
रामपुरा एसएचओ का कहना है कि बुधवार की शाम आईओ रोहतक बयान लेने के लिए गया था। लेकिन आईसीयू में भर्ती होने के कारण डॉक्टर ने तीन दिन के लिए घायल से बातचीत करने के लिए मना कर दिया है। एसएचओ का कहना है कि हमला किसने किया, कैसे किया इसकी जांच की जा रही है। घायल के बयान या फिर परिवार वालों की शिकायत पर आगे कार्रवाई की जाएगी।