रेवाड़ी। कार खरीदने का झांसा देकर कार लेकर फरार होने की वारदात में शामिल दो आरोपियों को कसौला थाना पुलिस ने अदालत से रिमांड पर लिया है। आरोपियों की पहचान गांव नांगल पठानी निवासी रोबिन व अलवर निवासी अरुण के रूप में हुई है। दोनों ने कसौला चौक से ब्रेजा कार चोरी की थी। जांचकर्ता प्रधान सिपाही सुनील ने बताया कि गांव सालावास निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि उसके पास ब्रेजा कार थी। सात जुलाई 2018 को कार खरीदने के लिए किसी की कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बताया था कि रेवाड़ी का ही रहने वाला है व कार को खरीदना चाहता है। कॉल करने वाले ने कार की ट्राई लेने के लिए कसौला चौक पर बुलाया था। वह कसौला चौक पर दुकान पर जूस पीने लग गया। इस दौरान युवक आया और ब्रेजा कार लेकर फरार हो गया। कसौला थाना पुलिस ने राजेश की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। कुछ दिन पूर्व धारूहेड़ा थाना पुलिस द्वारा धोखाधड़ी व चोरी के आरोप में रोबिन व अरुण को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने कसौला चौक से राजेश की ब्रेजा कार चोरी करना भी स्वीकार किया था। अब कसौला थाना पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए अदालत से प्रोटेक्शन रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान चोरी की गई ब्रेजा कार बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।