रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
कुंड। रेवाड़ी-नारनौल मार्ग पर स्थित कुंड पुलिस चौकी के समीप मंगलवार दोपहर को को रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार चालक की मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक बस को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को जिला महेंद्रगढ़ के गांव गढी रूथल निवासी ओमप्रकाश बाइक पर सवार होकर नारनौल से रेवाड़ी की ओर जा रहा था। कुंड पुलिस चौकी के समीप तेज रफ्तार से आ रही हरियाणा रोडवेज बस व बाइक में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे ट्रामा सेंटर भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और बस के पंजीकरण नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार को भी बुड़ाना गांव के समीप रोडवेज बस की टक्कर से एक बाइक सवार बीए द्वितीय वर्ष के छात्र की मौत हो गई थी।