ऑटो-बाइक की भिंड़त में एक की मौत, तीन घायल
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। रेवाड़ी- नारनौल रोड पर धामलावास के निकट ऑटो और बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार शनिवार की देर शाम मैलावास निवासी शीशराम अपने साथी देवेंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। धामलावास के निकट सामने से आ रहे एक ऑटो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक पर सवार शीशराम व देवेंद्र सहित ऑटो में सवार दो लोग भी घायल हो गए थे। घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां ट्रॉमा सेंटर में शीशराम को मृत घोषित कर दिया गया था। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया।