अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
दवा लेने धारूहेड़ा आई एक युवती से कार सवार चार युवकों ने अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवकों ने उसका वीडियो भी बनाया था। फिलहाल पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) गजेंद्र शर्मा ने बताया कि 15 सितंबर को पीड़ित युवती भिवाड़ी से धारूहेड़ा दवा लेने आई थी। इस दौरान वह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-आठ पर अपनी सहेली का इंतजार कर रही थी। तभी अचानक एक कार आकर रुकी और सहेली को धक्का देेते हुए युवती को ले गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने बिलासपुर के जंगलों में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि दुष्कर्म कर वीडियो भी बनाया गया। यही नहीं उसके साथ मारपीट करते हुए किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने 17 सितंबर को रेवाड़ी पहुंचकर महिला थाने में इसकी शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी करते हुए तीन आरोपियों गुरुग्राम के भूड़का गांव निवासी दीपक उर्फ मोगली, कपूर उर्फ स्केट्री और सोमबीर उर्फ मर्द को एनएच-71 से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल चौथा और मुख्य आरोपी भूड़का गांव निवासी जोगिंद्र उर्फ सोनू अभी फरार है। बताया जाता है कि अपहरण में प्रयुक्त कार भी उसी की थी। पुलिस सोनू की तलाश में लगी है।