अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
रेवाड़ी। सदर थाना क्षेत्र के झज्जर पुल के पास सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं हादसे में उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार नया गांव निवासी हरीश कुमार और सतेंद्र बावल की एक निजी कंपनी में काम कर वापस लौट रहे थे। रात करीब दस बजे ड्यूटी खत्म कर दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। झज्जर पुल पर अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हरीश और सतेंद्र को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां हरीश को मृत घोषित कर दिया, वहीं घायल सतेंद्र का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मंगलवार को शव परिजनों के सुपुर्द करने के बाद आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।