अगवा कर एक लाख रुपये छीनने के मामले में एक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
सेक्टर-तीन में एक दुकान से गत दिवस युवक को कार में डालकर अगवा करने और एक लाख रुपये छीनने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। मॉडल टाउन थाना प्रभारी रामस्वरूप ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी धक्का बस्ती निवासी हरीश है। सेक्टर-तीन निवासी जितिन अदलखा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि शुक्रवार दोपहर हरीश का फोन आया था। मिलने के लिए भी वह कुछ समय बाद खुद आ गया था। इसी दौरान स्कॉर्पियो गाड़ी में गांव पदैयावास निवासी राजपाल व अन्य लोग पहुंचे थे और उसे जबरन कार में बैठा लिया था। कार में उससे एक लाख रुपये छीनने के बाद उसे पाली रेलवे फाटक के पास छोड़ दिया था और किराए के 100 रुपये थमाकर फरार हो गए थे। बता दें कि मामले में जतिन ने मॉडल टाउन थाना पुलिस को शिकायत देकर हरीश व राजपाल सहित अन्य युवकों के खिलाफ अपहरण व स्नेचिंग का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने आरोपी हरीश को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।