सड़क हादसों में मासूम समेत दो की मौत
रेवाड़ी। जिले में शनिवार रात दो अलग-अलग हादसों में मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा एनएच-8 पर गांव बांबड़ फतेहपुरी रोड के टी-प्वाइंट पर हुआ जिसमें अधेड़ की मौत हो गई। वहीं गांव पांचोर के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से दस साल के मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर ने मारी मासूम को टक्कर
जानकारी अनुसार गांव पांचोर निवासी जितेंद्र का बेटा यशपाल (10) शनिवार रात गांव के पास ही सड़क पर पैदल चल रहा था। इस दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने यशपाल को चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जानकारी पर कसौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों सौंप दिया। मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
--------------
शादी से लौट रहा था, कार ने मारी टक्कर
गांव रालियावास निवासी मेहरचंद शनिवार रात गांव कान्हावास में शादी समारोह में शिरकत कर घर लौट रहे थे। गांव बांबड फतेहपुरी रोड से जैसे ही एनएच-8 पर चढ़े इस दौरान एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मेहरचंद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक कार छोड़ मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची धारूहेड़ा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं कार को कब्जे में लेते हुए अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।