रेवाड़ी। जिला के गांव मुसेपुर निवासी एक व्यक्ति से कुछ शातिर लोगों ने मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर करीब सात लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने जाटूसाना थाना पुलिस को शिकायत दी जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
गांव मुसेपुर निवासी रविंद्र कुमार ने बताया कि उसके बेटे के पास कुछ माह पूर्व गांव में मोबाइल टावर लगाने का मैसेज आया था। उनके बेटे ने दिए गए लिंक पर ऑनलाइन आवेदन किया था जिसके बाद वहां से आए फोन में जमीन की फर्द मंगाई गई। जिसके बाद उन्होंने बताया कि आपकी जमीन पर टॉवर लग जाएगा। आरोपियों ने झांसा दिया कि 15 साल का एग्रीमेंट किया जाएगा और 15 लाख रुपये एडवांस दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 25 हजार रुपये प्रति माह किराया व एक व्यक्ति को मोबाइल टावर पर नौकरी भी दी जाएगी। इसके बाद आरोपियों ने पहले मोबाइल टावर के लिए उन्हें 14 हजार 300 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस जमा करा ली। रविंद्र ने युवकों द्वारा बताए गए खाते में पैसे जमा करा दिए। इसके बाद उनसे डेढ़ लाख रुपये और जमा करा लिए। कुछ दिन बाद एनओसी के लिए 36 हजार 600 रुपये और जमा कराने को कहा। पैसे जमा कराने के बाद उन्हें बताया कि चेक बन कर तैयार हो गया है, लेकिन इन्कम टैक्स जमा नहीं कराने के कारण चेक जारी होने में दिक्कत आ रही है। टैक्स के नाम पर उनसे 1 लाख 20 रुपये और जमा करा लिए गए। रविंद्र ने बताया कि दिए गए खाते में 6 लाख 86 हजार 500 रुपये जमा करा दिए। इसके बाद भी पैसे जमा कराने के लिए कहा गया तो उन्हें ठगी का शक हो गया। रविंद्र ने पैसे जमा कराने से इंकार कर दिया तथा टावर रद कर उसके पैसे वापस करने की मांग की। युवकों ने बताया कि टावर रद कराने के लिए उन्हें 42 हजार रुपये और जमा कराने होंगे। इसके बाद उन्होंने जाटूसाना थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने रविंद्र की शिकायत पर रोहित मल्होत्रा, संजय यादव व हेड मैनेजर राकेश के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।