ओवरटेक करते समय कार ने ऑटो को मारी टक्कर, बारह लोग घायल
रेवाड़ी। नारनौल रोड पर गांव सुंदरोज के समीप मंगलवार दोपहर ओवरटेक करते समय एक कार ओवर टेक करने के चक्कर में आगे चल रहे ऑटो टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों वाहन सड़क पर पलट गए और ऑटो में बैठे बारह लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर एक ऑटो नाईवाली चौक से सवारियों को भरकर गांव खोरी के लिए जा रहा था। ऑटो में करीब बारह सवारियां बैठी हुई थी। ऑटो जैसे ही गांव सुंदरोज के पास पहुंचा पीछे से ओवरटेक कर रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों वाहन सड़क पर पलट गए। पलटी खाते हुए स्विफ्ट एक गड्ढे में जा फंसी। हादसे में ऑटो सवार 5 वर्षीय सुंदरोज निवासी आक्सी, 60 वर्षीय भगवती, 5 वर्षीय निशी, मनेठी निवासी 20 वर्षीय शुभम, ढाणी सांतों निवासी 60 वर्षीय बनवारी, बुड़ौली निवासी 18 वर्षीय सुनील, 22 वर्षीय पथकिशोर, नंगली भगोली निवासी 65 वर्षीय सावत्री, मेहलावास निवासी 60 वर्षीय सविता घायल हो गए। इसके अलावा स्विफ्ट गाड़ी में सवार दोनों लोगों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को एंबुलेस की मदद से ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। ट्रॉमा सेंटर से कई लोगों की हालत गंभीर होने के चलते रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। सूचना के बाद रामपुरा पुलिस भी ट्रॉमा सेंटर पहुंची। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।