सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
धारूहेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिला दरभंगा के गांव भंगरथू निवासी अरुण और जिला मुज्जफरपुर निवासी रामप्रसाद के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार बिहार निवासी एक महिला अपने पति के साथ धारूहेड़ा क्षेत्र के एक गांव में किराए पर रहती है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा है कि उसके पति एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं। बुधवार 7 मार्च को उसके पति ड्यूटी पर गए थे। वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान दरभंगा के गांव भंगरथू निवासी अरुण और मुज्जफरपुर निवासी रामप्रसाद कमरे में आए। दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने शोर मचाया तो दोनों कमरे से फरार हो गए। पति के ड्यूटी से लौटने के बाद घटना की जानकारी दी। इसके बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर तुरंत प्रभाव से आरोपी अरुण और रामप्रसाद के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुक्रवार की शाम को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।