बाइक चोरी की वारदात में शामिल दूसरा आरोपी रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
बाइक चोरी की वारदात में शामिल दूसरे आरोपी को भी खोल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बासदुधा निवासी प्रीतम उर्फ फतेह के रूप में हुई है। वीरवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन के रिमांड पर लिया था। वर्तमान में आरोपी एक अन्य मामले में नारनोल जेल में बंद था। उक्त वारदात में शामिल नागल जमालपुर निवासी मनोज को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर चुकी है। खोल थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार ने बताया कि 22 जून की रात को कुंड निवासी जितेंद्र कुमार घर के सामने बाइक खड़ी कर अंदर सो गया था। सुबह उठकर देखा तो बाइक वहां नही थी। आसपास तलाश करने पर भी कोई सुराग नही लगने पर उसने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने जितेंद्र कुमार की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।