रेवाड़ी। एचएसआइआइडीसी की जमीन से मिट्टी उठाने से रोकने गई पुलिस टीम के साथ हाथापाई करने के आरोप में कसौला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का का मामला दर्ज किया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव आसलवास निवासी परमानंद के रूप में हुई है। प्रवक्ता ने बताया कि 18 अगस्त को कुछ लोगों द्वारा गांव पातुहेडा के निकट स्थित एचएसआईआईडीसी की जमीन से जेसीबी मशीन द्वारा मिट्टी उठाई जा रही थी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने देखा कि दो जेसीबी मशीनों से मिट्टी उठा कर डंपरों मे भरी जा रही थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मिट्टी उठाने से उन लोगों को रोका तो जेसीबी व डंपर चालकों ने विरोध करते हुए पुलिस टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी थी। पुलिस ने उस समय चार लोगों को काबू करके आरोपियों के खिलाफ सरकारी आदेशों की अवहेलना व सरकारी कार्य मे बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं के तहत दो मामले मे दर्ज किए थे।