अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
घर से ट्यूशन पढ़ने गए कपड़ा व्यापारी के बच्चे का सोमवार को तीन बदमाशों ने अपहरण की कोशिश की, लेकिन झज्जर चौक फ्लाईओवर पर बाइक फिसलने से नौवीं का छात्र बदमाशों के चंगुल से निकल भागा। यही नहीं छात्र ने बहादुरी दिखाते हुए पहले तो बाइक पर बदमाशों से विरोध जताया और जब बाइक गिरी तो वहां से भागते हुए सीधे पुलिस चौकी पहुंच सारी घटना बताई।
जानकारी अनुसार नौवीं में पढ़ने वाला 14 वर्षीय यह छात्र सोमवार शाम घर से थोड़ी दूरी पर ट्यूशन पढ़ने के बाद घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने उससे एक मंदिर का पता पूछा। पता बताने के बावजूद एक बदमाश ने छात्र को बातों में उलझाए रखा। इसी बीच बाकी दो बदमाश उसे बाइक पर बिठाकर वहां से भाग निकले। लेकिन झज्जर चौक फ्लाईओवर पर बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इसी बीच नौवीं का यह छात्र वहां से भागकर सीधा गोकलगेट पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को सारी बात बताई।
जानकारी मुताबिक छात्र के पिता कपड़े की दुकान चलाते हैं। सोमवार शाम हुई वारदात में यदि छात्र ने बहादुरी नहीं दिखाई होती तो मामला बिगड़ सकता था। बदमाशों द्वारा छात्र को मुंह बंद कर बाइक पर बिठाने के बावजूद उसने हौसला नहीं हारा और अपनी ओर से विरोध जारी रखा। इसी बीच झज्जर चौक फ्लाईओवर पर बाइक के असंतुलित होकर गिरने से वहां से भाग निकला। बदमाश भी भीड़ देख छात्र का पीछा नहीं कर पाए।
फिरौती के एंगल से की जा रही है जांच
मामले की जांच कर रहे शहर पुलिस के एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि सभी तथ्यों को ध्यान रख मामले की जांच की जा रही है। कपड़ा व्यापारी के बेटे का अपहरण करने के पीछे फिरौती मांगना भी कारण हो सकता है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के लिए बाहर से एक्सपर्ट बुलाया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।