रेवाड़ी। भिवाडी-कापड़ीवास मार्ग पर सोमवार रात को डंपर की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि दिल्ली के जफरपुर के गांव खेड़ाखेड़ी निवासी 25 वर्षीय अजय कुमार किसी काम से भिवाड़ी आया था। रात्रि को वह कापड़ीवास मार्ग से वापस दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जा रहा था। कापड़ीवास के निकट पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने अजय को टक्कर मार दी। हादसे में अजय की मौके पर ही मौत हो गई और डंपर चालक मौके से फरार हो गया। धारूहेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और फरार डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।