घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला करने के चार आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। स्कूल में हुए बच्चों के विवाद के बाद बुधवार रात को एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी के घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में शहर थाना पुलिस ने वीरवार रात को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी कुतुबपुर निवासी प्रदीप, संघी का बास निवासी हरिराम, परमजीत उर्फ पम्मी व मोहित हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शहर के मोहरवाड़ा निवासी सतीश शर्मा का बेटा शहर के ही एक निजी स्कूल में पढ़ता है। सतीश शर्मा एसडीएम कार्यालय में बतौर क्लर्क कार्यरत है। बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाले उसके बेटे ऋषभ की किसी बात को लेकर अपनी सहपाठी से बुधवार को कहासुनी हो गई थी। इस बात की जानकारी मिलने पर सहपाठी के परिवार के एक व्यक्ति ने पहले तो छात्र को फोन पर धमकी दी तथा रात को उसके परिवार के लोगों ने ऋषभ के परिवार पर हमला बोल दिया। मारपीट में अनिल, दीपक, गौरव, पीयूष, ऋषभ व एक सदस्य घायल हो गए थे। शहर थाना पुलिस ने वीरवार को मेहरवाड़ा निवासी अनिल कुमार की शिकायत पर पम्मी, प्रदीप, हरिराम व मोहित सहित करीब 16 लोगों के खिलाफ मारपीट व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।