बावल में तीन नाबालिग लड़कों का रोका विवाह
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी की टीम ने वीरवार को बावल कस्बा के रसियावास रोड पर शुक्रवार को तीन नाबालिग लड़कों के विवाह को रुकवा दिया। अधिकारियों ने नाबालिग लड़कों के परिजनों की काउंसिलिंग कर विवाह नहीं कराने का शपथपत्र लिया है।
जानकारी के अनुसार बावल कस्बा के रसियावास रोड पर शुक्रवार को तीन लड़कों का विवाह होना था। वीरवार को इनका लगन समारोह आयोजित हुआ तो इसकी जानकारी बाल विवाह निषेध अधिकारी को मिली। बारात अलवर के सीलगांव जानी थी। सूचना के बाद बाल विवाह संरक्षण अधिकारी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि जिन लड़कों का विवाह होना था, वे सभी नाबालिग हैं। टीम के सदस्यों ने लड़कों के परिजनों से नाबालिग बच्चों का विवाह नहीं कराने का शपथ पत्र लेकर विवाह रुकवा दिया। इस अवसर जिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी सरिता शर्मा, डीईओ प्रमोद कुमार, हेडकांस्टेबल बिजेंद्र सिंह, सिपाही ऊषा बाई, ममता व सिपाही सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।