श्यामनगर के मंदिर में पार्वती की प्रतिमा खंडित, गांव के युवक पर मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कोसली। कोसली उपमंडल के गांव श्यामनगर में मंगलवार रात को भगवान शिव के मंदिर में विराजमान मां पार्वती की प्रतिमा को गांव के ही एक व्यक्ति ने खंडित कर डाला। सुबह जैसे ही गांव के लोग मंदिर में पहुंचेे तो प्रतिमा खंडित अवस्था में बाहर पड़ी मिली जिसके बाद कुछ ही देर में यह समाचार पूरे गांव में फैल गया। प्रतिमा खंडित किए जाने के बाद ग्रामीणों का भी गुस्सा बढ़ गया जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा खंडित प्रतिमा को कब्जे में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज करने के बाद ग्रामीण शांत हो गए तथा जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ मंदिर की मूर्ति को खंडित करने व दान पात्र को क्षतिग्रस्त करने का मामला दर्ज किया है। शिकायत में ग्रामीणों ने कहा है कि गांव निवासी एक युवक जितेंद्र ने मंदिर में मूर्ति व दान पात्र को तोड़कर नुकसान पहुंचाया व मामले को लेकर आयोजित की गई पंचायत में एकत्र लोगों को भी गालियां दी। आरोपी ने कोई भी कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित कर मौके पर बुलाया तथा पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने ग्रामीणों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।