किसानों को क्लेम न देने पर डीसी ने बीमा कंपनियों को लगाई फटकार
बीमा कंपनियों को दिए क्लेम देने के निर्देश
रेवाड़ी। उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने बीमा कंपनियों को निर्देश दिए है कि पीड़ित किसानों को तीन दिन में क्लेम दे अन्यथा उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा सोमवार को जिला सचिवालय में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में किसानों की शिकायतों को सुन रहे थे। उन्होंने 25 शिकायतों को सुनते हुए बीमा कंपनियों को फटकार लगाते हुए कहा कि किसानों को उनका क्लेम दिया जाए। इस बैठक में आईसीआई लोम्बार्ड के 22 केस तथा ओरिएंटल जनरल इंश्योरेंस के तीन केस शामिल थे, जिन्होंने अब तक किसानों को क्लेम नहीं दिया है। उन्होंने सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक नाहड, सैंट्रल बैंक ऑफ इंडिया कोसली और एचडीएफसी बैंक रेवाडी को भी सख्त निर्देश दिए कि किसानों को जल्द से जल्द उनके क्लेम दिलाने की कार्यवाही की जाए। इनमें से 16 के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के है, जिन्होंने किसानों को क्लेम नहीं दिया है। उपायुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री बीमा योजना किसानों की सहायता के लिए बनाई हुई है उनके नुकसान की भरपाई व मदद करना हमारा कर्तव्य है। इंश्योरेंस कंपनियों के कारण जमींदार परेशान हो यह सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान प्रीमियम इसलिए देता है कि जरूरत पड़ने पर उसे क्लेम मिले, लेकिन कंपनियां जरूरत पड़ने पर उन किसानों के चक्कर लगवाती है, यह किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। बैठक में भाडावास के किसान प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह ने किसानों की समस्याओं को सुनने के लिए उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके द्वारा की गई कार्यवाही संतोषजनक है। इस बैठक में एलडीएम दीपक गुप्ता, नाबार्ड के डीडीएम विशाल शर्मा, कृषि विभाग के उपनिदेशक राजेश सिहाग, उपमंडल अधिकारी दीपक यादव, ओरिएंटल इंश्योरेंस जनरल के अमित कुमार, आईसीआई लोंबार्ड के आशीष, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से कुमार मानस, किसान प्रतिनिधि भूपेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।