दो बहनों की शिकायत पर पांच पर दहेज का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
मालाहेड़ा गांव निवासी दो महिलाओं ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित और मारपीट करने का आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मीरपुर स्थित पुलिस चौकी में दी शिकायत में मुकेश देवी का कहना है कि दिसंबर 2015 में उसकी शादी जिला झज्जर के गांव कांडा निवासी पवन और उसकी बहन पुष्पा की शादी उसके देवर सुनील से हुई थी। आए दिन ससुराल पक्ष के लोग उनको दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। कई बार गांव में बैठक आयोजित कर भी समझाया जा चुका है, लेकिन बार-बार वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं। पुलिस ने दोनों बहनों की शिकायत पर मारपीट और दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में पवन, सुनील, लक्ष्मी देवी, शर्मिला और मोहन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी वीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।