संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। गोरक्षा दल की टीम ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पिकअप गाड़ी में ठूंस कर गोवंश को ले जा रहे दो तस्करों को पकड़ कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों ने तस्करों की पिटाई भी की। आरोपियों की पहचान नूंह जिले के गांव बुराका काॅलोनी निवासी फूल सिंह और गुरुग्राम के गांव लोकरी निवासी हुकम सिंह के रूप में हुई है। पिकअप से 4 गोवंश बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गोरक्षा दल के कार्यकर्ता रोहित यादव ने बताया कि शनिवार की सुबह सूचना मिली कि एक पिकअप में गोवंश भरे हैं। ये गुरुग्राम के लोकरी से होते हुए मेवात की साइड जा रहे हैं। सूचना के बाद रोहित ने अपने साथी सुरेंद्र, मानसिंह व अन्य के साथ मिलकर दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव कापड़ीवास पहुंचे। इसी दौरान उन्हें सामने से पिकअप आती हुई दिखाई दी।
गोरक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने गाड़ी रोकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। गोरक्षा दल ने पीछा कर गाड़ी रोक लिया। गाड़ी में चार पशु भरे थे। रोहित यादव ने बताया कि गाड़ी में पकड़े गए दोनों आरोपी फूल सिंह और हुकम सिंह ने गाड़ी के साथ भागने की कोशिश की तो भीड़ आ गई और दोनों के साथ मारपीट भी की।इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही बरामद पशुओं को गोशाला में भिजवा दिया है।