रेवाड़ी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर सरकारी विभागों में कार्यरत कंप्यूटर आपरेटर छुट्टी पर रहे, जिसके कारण सरकारी कार्यालयों में कामकाज ठप हो गया। नागरिक अस्पताल में भी मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। कंप्यूटर प्रोफेशनल एसोसिएशन से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो भविष्य में इससे भी बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। बतादें कि कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ से जुड़े हुए कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। सोमवार को कर्मचारियों की ओर से स्पष्ट कर दिया गया था कि अपनी मांगों को लेकर वह मंगलवार को अवकाश पर रहेंगे। जिले में एसोसिएशन से जुड़े हुए 197 कंप्यूटर आपरेटरों ने अपने-अपने विभागों में छुट्टी पर रहने की जानकारी भी दे दी थी।
मंगलवार को विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत कंप्यूटर आपरेटर छुट्टी पर चले गए। इसके कारण विभागों में व्यवस्था गड़बड़ा गई। नागरिक अस्पताल के ओपीडी काउंटर पर भीड़ तो लगी रही लेकिन वहां पर्ची काटने वाला कोई नहीं था। साढ़े दस बजे तक यही स्थिति बनी हुई थी। इसके साथ ही तहसील विभाग में भी लोगों के रजिस्ट्री के लिए टोकन नहीं कट रहे हैं। अन्य काम भी सभी तहसीलों में बंद पड़े हुए हैं जिस कारण लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
जिला सचिवालय के काम भी रोके
लघु सचिवालय में भी अंत्योदय भवन में लाइसेंस, आरसी सहित अन्य काम प्रभावित रहे। एसोसिएशन के प्रधान दयाशंकर व प्रेस सचिव हरीश यादव का कहना है कि उनकी मांग है कि कौशल रोजगार में डिस्ट्रक्टि इंफोरमेशन टेक्नोलाजी सिस्टम को न जोड़ा जाए, उनकी 58 साल की सेवा रखी जाए, आयुष्मान कार्ड से उनको जोड़ा जाए।