सोमवार की शाम ड्यूटी से लौट रही एक महिला कर्मचारी से बाइक सवार बदमाश मोबाइल छीनकर फरार हो गए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में छत्तीसगढ़ के जिले जांजगीर चंपा के गांव तुषार निवासी साहिला भारद्वाज ने कहा है कि वह वर्तमान में गांव सुठानी में रहती है तथा एक कंपनी में कार्यरत है। सोमवार की शाम को कंपनी से छुट्टी होने के बाद वह पैदल अपने कमरे पर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया तथा फरार हो गए। महिला ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक बदमाश वहां से जा चुके थे। महिला ने कसौला थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।