बावल औद्योगिक क्षेत्र में कंपनी से ड्यूटी करने के बाद कमरे पर लौट रहे एक कर्मचारी के साथ मारपीट कर बदमाश मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर दोनों बदमाश बाइक को मौके पर ही छोड़ कर भाग गए। कुछ देर बाद बाइक लेने पहुंचे एक बदमाश को लोगों ने काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार यूपी के आगरा निवासी अमित त्यागी सोमवार रात को करीब 11 बजे कंपनी से ड्यूटी करने के बाद वापस अपने कमरे पर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पीछे से उसका गला दबाकर मोबाइल छीन लिया तथा मारपीट की। शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख दोनों बदमाश बाइक को वहीं छोड़कर फरार हो गए।