धारूहेड़ा। कंपनी कर्मचारी के साथ ऑनलाइन टॉस्क के नाम पर सवा लाख रुपये की ठगी हो गई। यूपी के अलीगढ़ में गिदौरा गांव निवासी दीपक शर्मा ने बताया कि वह धारूहेड़ा स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वर्तमान में वह कापड़ीवास गांव में किराए के मकान पर रहता है। 16 अप्रैल को उसे एक टेलीग्राम टॉस्क ग्रुप में जोड़ा गया। इसमें एक मैसेज मिला कि टॉस्क पूरा करने पर मुनाफा मिलेगा। फिर उसे एक यूपीआई भेजा गया और उसे एक भुगतान करने के लिए बोला गया, जिसे उसने कर दिया। उसने बताया कि कुछ समय बाद उसकी राशि व मुनाफा उसके खाते में भेज दिया गया। उसे कहा गया कि और मुनाफा चाहिए तो टॉस्क पूरा करते रहो। उसने टॉस्क पूरा करने के चक्कर में 1 लाख 24 हजार 600 रुपये भेज दिए। उसके बाद उसे ठगी का पता लगा।साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।