फोटो: 03रेवाड़ी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई करते कर्मचारी। स्रोत: डीपीआरओ
रेवाड़ी। एसडीएम रेवाड़ी विकास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, जो 15 अगस्त तक जारी रहेगा। अभियान के तहत बुधवार को ग्रामीण क्षेत्रों में सामूहिक जन भागीदारी के साथ साफ-सफाई की गई।
उन्होंने कहा कि विशेष स्वच्छता अभियान के तहत स्वच्छता टीम नागरिकों को स्वच्छता का पाठ पढ़ा रही है। एसडीएम विकास यादव ने बताया कि प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को हाथ कैसे धोएं, कब-कब धोएं बताया गया। विद्यालयों में शौचालयों सहित विद्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने व हाथ धोने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
एसडीएम ने बताया कि स्वच्छता मुहिम को सफल बनाने के लिए खंड स्तर पर स्वच्छता रैली, स्वच्छता शपथ दिलवाने, स्वच्छता बारे स्लोगन व वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, प्रभात फेरी का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान सरकार द्वारा चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाए जाएंगे।