संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सरकार की ओर से साइबर ठगी से बचने के लिए नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से 31 अक्तूबर तक राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से लोगों को साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए जाएंगे। डीसी राहुल हुड्डा ने बताया कि सोशल मीडिया के दौर में विशेष कर त्योहारी सीजन में साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा चलाई जा रही हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क सकते हैं। पिछले कुछ सालों से लोगों में ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते क्रेज के चलते अक्सर लोग सोशल मीडिया पर बंपर डिस्काउंट, लॉटरी या फिर इनामी विज्ञापनों के झांसे में आ जाते हैं। ऐसे में पहले यह सुनिश्चित कर लें कि इस्तेमाल की जा रही वेबसाइट सुरक्षित है या नहीं। उन्होंने कहा कि अगर संभव है तो कोशिश करें कि ऑनलाइन साइट्स से सामान मंगाते समय कैश ऑन डिलीवरी का ऑप्शन चुने ताकि आपकी बैंक और कार्ड डिटेल साइबर अपराधियों के हाथ न लग सके।