रेवाड़ी। जैन दशलक्षण पर्व के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतिम दिन जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सभागार में कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महावीर के चित्र अनावरण के साथ हुई। कार्यक्रम में बच्चों ने तीर्थंकरों पर आधारित गीतों पर नृत्य कर सभी का मन मोह लिया। जैन पब्लिक स्कूल, प्रोडिजी स्कूल व अंकुर स्कूल के बच्चों ने उत्तर भारत से दक्षिण भारत तक के जैन तीर्थों की शानदार झांकी प्रस्तुत की। प्रबंधन समिति एवं जैन समाज की ओर से बच्चों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी गोपाल शर्मा ने बताया कि जैन समाज के प्रधान पद्म कुमार जैन, उप प्रधान सुरेंद्र जैन, कोषाध्यक्ष नरेंद्र जैन, जैन पब्ल्कि स्कूल के प्रधान प्रदीप जैन, उप प्रधान राकेश जैन, सचिव अमित जैन, प्रबंधक मोहित जैन, कोषाध्यक्ष सचिन जैन के साथ अनुज जैन, भारत जैन, प्रद्युम्न जैन, पलका जैन, संदीप जैन, वीके जैन, राजकुमार जैन, मोहित जैन आदि ने दीपार्चन किया। जेपीएस के बच्चों ने जल भर-भर लाएं... गीत से भगवान महावीर के नवन का दृश्य प्रस्तुत किया। अंकुर स्कूल के बच्चों ने ''मेरी बिगड़ी बना दे ओ बाबा चंदा वाले..., प्रोडिजी स्कूल के बच्चों ने जय बाहुबली-जय बाहुबली, तेरे दर पे दीवाने आ गए... गीत पर शानदार नृत्य दिखाया। बच्चों ने नमो नमो जिनवरा, पाश्र्वनाथ जिनवरा, आओ पारसनाथ पधारो म्हारे अंगना... आदि गीतों पर नृत्य की प्रस्तुति से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। आचार्य विद्यासागर की भावनाओं के अनुरूप इंडिया नहीं भारत बोलो... नृत्य भी सराहनीय रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम को तैयार कराने में जहां रंजना मेहंदीरत्ता, संध्या राठोर, जितेंद्र, रेखा जैन, सुनीता कुमारी, वरुण की भूमिका प्रमुख रही, वहीं कंचन, ज्योति व शिखा ने डिजीटल बैक राउंड तैयार किया। संचालन राजेश जैन ने किया।