संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के अभय सिंह चौक के पास सड़क दुर्घटना में एक 4 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के जिला बहरोड के लुहाकना खुर्द निवासी बलवंत ने बताया कि वह भिवाड़ी में कार्य करता है। शुक्रवार को वह पत्नी हंसा व अपने छोटे बेटे अंशु (4) को स्कूटी पर बैठाकर समय करीब रात 10 बजे अपने ससुर कैलाश चंद के पास जा रहा था। उसके ससुर एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। रात 11 बजे जैसे ही वह अभय सिंह चौक पर पहुंचे तो सामने से एक बस गुजर रही थी। इस दौरान अपनी स्कूटी वहीं पर रोक दी तभी अचानक पीछे से एक तेज रफ्तार कार आई और उसने खड़ी स्कूटी को टक्कर मार दी। इस दौरान बलवंत व उसकी पत्नी व बेटा सड़क पर गिर गए। तभी सामने से आ रही बस ने भी स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में उसके बेटे अंशु और हंसा घायल हो गई। कार चालक भाग गया। पत्नी और बेटे को इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया जहां अंशु ने दम तोड़ दिया जबकि पत्नी इलाज चल रहा है। जांच अधिकारी जितेंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच जारी है।