धारूहेड़ा। क्षेत्र में रसायन युक्त पानी आने की वजह से समस्या फिर से गहरा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी आना फिर से शुरू हो चुका है, लेकिन अभी तक स्थिति ठीक है। अगर समाधान न किया गया तो आने वाले दिनों में समस्या गहरा जाएगी। पानी का स्तर बढ़ने की वजह से सेक्टर वासियों को परेशानी हो सकती है।
नगर पालिका धारूहेड़ा के उप चेयरमैन अजय जांगड़ा का कहना है कि प्रशासन की ओर से नाला बंद करवाने का आश्वासन मिला है और फिर से पानी आ रहा है। अगर ऐसा ही चला रहा तो आने वाले दिनों में स्थिति फिर से विकराल हो जाएगी फिलहाल अभी बारिश तो नहीं हो रही है, यदि बारिश हुई तो भिवाड़ी का गंदा पानी धारूहेड़ा में प्रवेश कर जाएगा। नाला खोलने के कुछ दिनों बाद केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने चेताते हुए कहा था कि चाहे कितना भी बड़ा व्यक्ति हो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों भिवाड़ी की ओर से धारूहेड़ा की ओर जबरदस्ती पानी छोड़ा गया है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एनजीटी पूरे मामले पर अपनी नजर रख रही है। एनजीटी पहले भी राजस्थान सरकार पर भारी जुर्माना कर चुकी है और आने वाले दिनों में और भी कड़ा संज्ञान एनजीटी की ओर से लिया जा सकता है।