रेवाड़ी। गांव गोकलगढ़ स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में निशुल्क दंतरोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। कैंप में नागरिक अस्पताल के दंत रोग चिकित्सक डॉ. मंजू ने स्कूल के बच्चों के दांतों की जांच कर उन्हें टूथपेस्ट और ब्रश निशुल्क वितरित किए। उन्होंने कहा कि सुबह व रात को कुछ भी खाने के बाद दांतों को साफ करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मिठाई व चिपचिपा पदार्थ, कुरकुरे, चिप्स व चाकलेट आदि दांतों को नुकसान पहुंचाते हैं। इसलिए इनका इस्तेमाल कम करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने भोजन में ताजा हरी सब्जियां, फल, सलाद को भोजन में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित स्कूल स्टाफ व ग्रामीणों को दांतों की साफ-सफाई के प्रति जागरूक करते हुए बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, गुटका, खैनी और हुक्का का प्रयोग नहीं करने का आह्वान किया। कैंप में स्कूल स्टाफ व गांव के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।