संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस व हिंदी दिवस उत्सव उमंग पर एनएसएस, साहित्यिक क्लब, हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय स्तरीय भाषण और काव्य पाठ प्रतियोगिता हुई। काव्य पाठ में चांदनी और भाषण प्रतियोगिता में राधिका व ज्योति संयुक्त रूप से प्रथम रहीं।
भाषण प्रतियोगिता का विषय विकसित भारत 2047 में युवाओं की भूमिका और कविता पाठ का विषय आधुनिक समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं समानता रखा गया था। प्रतियोगिता का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगीत से हुआ। अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी यादव ने की। एनएसएस के कार्यक्रम समन्वयक प्रो. करण सिंह ने स्वयंसेवकों को मानव कल्याण और समाज सेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कुलपति प्रो. जेपी यादव ने कहा कि प्रतियोगिताएं आपकी कला को निखारने का एक माध्यम हैं। हमें इस तरह के आयोजन करते रहने चाहिए ताकि विद्यार्थियों में एकजुटता की भावना को बढ़ावा मिले। साहित्यिक क्लब की कोऑर्डिनेटर डॉ. भारती ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता में कुल 58 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कविता पाठ में चांदनी राजकीय महिला महाविद्यालय रेवाड़ी ने प्रथम, भारती अंग्रेजी विभाग और ज्योति भौतिकी विभाग आईजीयू ने संयुक्त रूप से द्वितीय और निकिता राजकीय महिला महाविद्यालय रेवाड़ी व अनामिका राजकीय महिला महाविद्यालय अटेली ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में राधिका विधि विभाग आईजीयू और ज्योति राजकीय महिला महाविद्यालय रेवाड़ी से प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि मानसी वाणिज्य विभाग आईजीयू और आशा यदुवंशी डिग्री कॉलेज नारनौल ने द्वितीय व सुषमा राजकीय महाविद्यालय सिहमा, जसदीप राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
यशवीर को मुख्य वक्ता के रूप में सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। कुलपति प्रोफेसर जेपी यादव ने प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को प्रतीक चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।