बावल, कोसली और रेवाड़ी में भाजपा के निर्वाचित भाजपा प्रत्याशियों ने समर्थकों संग मनाई खुशियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। कोसली, बावल और रेवाड़ी विधानसभा सीट पर विजयी घोषित भाजपा प्रत्याशी क्रमश : अनिल यादव, डॉ. कृष्णकुमार और लक्ष्मण सिंह यादव ने रोड शो निकाल कर जनता के प्रति आभार जताया। इन प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ खुशियां मनाई।
निर्वाचित घोषित होने के बाद कोसली से निर्वाचित अनिल यादव, बावल से निर्वाचित कृष्णकुमार और रेवाड़ी से निर्वाचित लक्ष्मण यादव के मतगणना केंद्र से बाहर निकलते ही समर्थकों ने ढोल नगाड़े के साथ उनका स्वागत किया। रेवाड़ी विधानसभा से जीते भाजपा के लक्ष्मण सिंह यादव ने मतगणना स्थल से लेकर सेक्टर एक स्थित निवास स्थान तक रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ भी देखने को मिली। लक्ष्मण सिंह यादव ने समर्थकों से जीत के लिए धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि यह जीत रेवाड़ी के जनता की जीत है। इस दौरान फूल माला पहनकर लक्ष्मण यादव का स्वागत किया गया।
बावल से जीते भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर कृष्ण कुमार ने भी रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जीत हासिल करने के बाद काफी खुशी मिल रही है। उन्होंने जनता का धन्यवाद किया है। दूसरी तरफ कोसली विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल यादव ने जीत हासिल करने के बाद बड़ा रोड शो किया। साथ में डीजे की धमक पर भी लोग खूब नाचे। अनिल यादव ने जीत का श्रेय कोसली की जनता को दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ने ही उन्हें विधानसभा पहुंचाया है, इसके लिए वह आभारी हैं। वहीं, देर रात तक भाजपा कार्यालय में समर्थक डीजे की धुन पर नाचते रहे और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया। सभी भाजपा नेता पार्टी कार्यालय में ही मौजूद थे। देर रात तक जश्न मनाया गया।