रेवाड़ी। जिलेभर में शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं ने जन्माष्टमी का उत्सव धूमधाम से मनाया। स्कूलों में राधा-कृष्ण की पोशाक पहने बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी तो शहर में आयोजित हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी राधा-कृष्ण की प्रस्तुतियां दी गईं।
गांव जैतपुर शेखपुर में धूमधाम से जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। गांव में अनेक प्रकार की झांकियां निकाली गई। शाम को महिलाओं द्वारा गीत संगीत का आयोजन किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर डांस किया। इस मौके पर गांव के मंदिर में काफी मात्रा में ग्रामीण मौजूद रहे। रात 12 बजे मंदिर में प्रसाद वितरण किया गया।
श्रीकृष्ण की वंदना कर दी मनमोहक प्रस्तुतियां
सहारनवास स्थित शांति देवी मैनेजमेंट कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा बीएमजी एलीगेंट सिटी के सौजन्य से जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण की वंदना करते हुए मनमोहक प्रस्तुतिया दीं। मेघा ने कौन कहते है भगवान आते नहीं गीत पर प्रस्तुति दी। इसके बाद अंजलि ने भजन, ग्रुप डांस में अंजलि, सोनल, पूजा सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद दही हांडी प्रतियोगिता में अंकित, दुष्यंत, कपिल, आशीष, अश्विनी, पुष्पेंद्र, शीतल, राहुल, पुनीत, गणेश, कपिल हेमंत, हर्ष, सुभाष, पीयूष, हवा सिंह शामिल रहे। कॉलेज चेयरपर्सन शकुंतला व प्रिंसिपल डॉ. स्नेह यादव ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राधा-कृष्ण के जीवन पर झांकिया व भजन किए प्रस्तुत
शहर के सेक्टर-3 स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने किया। इसके साथ ही हरको बैंक के चेयरमैन डॉ. अरविंद यादव, नगर परिषद अध्यक्षा पूनम यादव, नगर पार्षद राजेंद्र सिंघल ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। इस मौके पर मथुरा की भजन-कीर्तन मंडली द्वारा राधा-श्रीकृष्ण के जीवन पर झांकिया व भजन प्रस्तुत किए गए। समिति की ओर से प्रधान प्रताप सिंह, उपप्रधान हरीश लोहिया सचिव डॉ. राज कुमार यादव और संयुक्त सचिव महेश यादव आदि उपस्थित रहे।
मेला व खेल प्रतियोगिता के साथ भंडारे का आयोजन
जिले के गांव पुंसिका मे जन्माष्टमी के अवसर पर मेला, खेल प्रतियोगिता व भंडारे का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुश्ती, कबड्डी, लंबी व उंची कूद के अलावा युवाओं व बुजुर्गों की दौड़ करवाई गई। कबड्डी प्रतियोगिता में बधराणा की टीम प्रथम व अहरी की टीम दूसरे स्थान पर रही। प्रथम टीम को 15000 और द्वितीय टीम को 11000 रुपये का इनाम दिया गया।
मंदिर में राधा-श्रीकृष्ण की मूर्ति की स्थापना
शहर के गढ़ी बोलनी रोड़ स्थित यादव कल्याण सभा के श्रीकृष्ण भवन में श्रीकृष्ण मंदिर में राधा-श्रीकृष्ण की मूर्ति हवन व पूजन सहित स्थापित की गई। मंदिर का उद्धाटन मुख्यातिथि महंत लाल दास मुख्य संरक्षक यादव कल्याण सभा द्वारा किया गया। समारोह में यादव सभा के जनरल सेक्रेटरी डॉ. एलएस यादव, अति विशिष्ट अतिथि कंवर सिंह यादव, विशिष्ट अतिथि कृष्णा मोहन यादव व मदन मोहन यादव, जसवंत सिंह यादव, यादव कल्याण सभा के आजीवन सदस्य उपस्थित रहे।
मटकी व बांसुरी प्रतियोगिता करवाई
धारूहेड़ा स्थित आरपीएस स्कूलज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने कृष्ण भक्ति से संबंधित भजन, गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्रधानाचार्या रमनप्रीत कौर ने किया। सातवीं कक्षा के संस्कार और निखिल ने श्रीकृृष्ण और अर्जुन के संवाद के माध्यम से कर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। पहल और हर्षित ने भगवद् गीता से संबंधित प्रश्न पूछे। मटकी व बांसुरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रधानाचार्या ने गीता का उपदेश दोहराते हुए बच्चों को इस दिन के ऐतिहासिक महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया। स्कूल की चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा राव ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।