बावल। बावल के एक निजी कंपनी में कार्य कर रहे मजदूर का हाथ अचानक मशीन में आ गया। इससे उसकी चार उंगलिया कट गईं। मजदूर का आरोप है कि वह मशीन चलाना नहीं जानता था, लेकिन कंपनी की तरफ से उसे मशीन चलाने के लिए विवश किया गया।
ठीक होने के बाद जब वह दोबारा कंपनी में कार्य करने के लिए गया तो उसे कंपनी के अंदर आने से रोक दिया गया। जब पीड़ित ने कंपनी के अधिकारियों से सहायता राशि मांगी तो उल्टा उसे धमकी देकर वहां से भगा दिया गया। पीड़ित मुआवजा के लिए दर-दर भटकता रहा। थाना कसौला की पुलिस को उसने शिकायत दी है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर कंपनी के एचआर हेड और ठेकेदार पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में यूपी के जिला रामपुर के गांव रामपुर निवासी सुरेंद्र ने बताया कि वह बावल में एक निजी कंपनी में कार्य करता था। आरोप है कि कंपनी के एचआर हेड व ठेकेदार उसे जबरदस्ती कार्य करवाते थे। साथ ही ओवरटाइम करने का भी दबाव बनाते थे। पहले तो सुरेंद्र को किसी अलग कार्य में रखा लगा रखा था, बाद में एचआर हेड और ठेकेदार ने उसे मशीन चलाने के लिए मजबूर किया। 1 मई को मशीन चलाते वक्त चार उंगलियां कट गईं। सुरेंद्र एक निजी अस्पताल में दो दिनों तक भर्ती रहा।