संवाद न्यूज एजेंसी
कुंड (रेवाड़ी)। गांव खोल में 2 अक्तूबर को सिलिंडर लीक होने के कारण लगी आग से झुलसे तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर गैस एजेंसी के संचालक व वितरक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में खोल निवासी दयाशंकर ने बताया कि 2 अक्तूबर को अमावस्या के दिन उनकी पत्नी शकुंतला देवी सुबह रसोई घर में खीर बनाने के लिए गईं। उन्होंने रसोई खोलकर गैस चूल्हे को जलाया। इसी दौरान तेज धमाका हुआ और आग लग गई। बेटा शोभित भी रसोई घर में था। दोनों बुरी तरह से आग में झुलस गए। आग इतनी तेज लगी थी कि रसोई घर के बिल्कुल सामने मजदूर भीम सिंह भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। भीम सिंह मौके पर मजदूरी कर रहा था। इस दौरान जब चीख पुकार मची तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और जैसे तैसे आग बुझाई।
झुलसे तीनों लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में शकुंतला 85, शोभित 60 और भीम सिंह 45 प्रतिशत झुलसे थे। तीनों को दिल्ली के सफदरजंग स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आईसीयू में उनका इलाज चल रहा था। बाद में तीनों की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में पीड़ित परिवार में प्रशासन न्याय की गुहार लगाई थी। वहीं, गैस सर्विस कुंड मैनेजर रमेश चंद ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि घटना में न तो सिलिंडर फटा था और ना ही लीकेज हुआ था।