रेवाड़ी। रोहतक-बावल हाईवे नंबर-352 पर गांव पाल्हावास के निकट बुधवार की रात एक ट्रक द्वारा साइड मार देने से इको कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में चली गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रोहडाई थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव रोहडाई के रहने वाले ऋषिपाल ने कहा है कि बुधवार की रात को वह इको कार में गांव से एनएच-352 से झज्जर की तरफ जा रहे थे। कार गांव रोहडाई के रहने वाले सुनील चला रहे थे। गांव पाल्हावास स्थित फ्लाईओवर पर पहुंचे तो पीछे से आए एक ट्रॉला चालक ने साइड मार दी। कार ट्रॉला में उलझ गई और डिवाइडर तोड़ती हुई दूसरी लेन पर चली गई। कार का चालक की तरफ वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ऋषिपाल व सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रॉला सहित मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद रोहडाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया। ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंचे परिजनों ने घायल ऋषिपाल को उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। रोहडाई पुलिस ने बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और ऋषिपाल की शिकायत पर ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।