रेवाड़ी। बाजारों में अतिक्रमण नासूर बन गया है। रोड तक दुकानदारों ने अतिक्रमण कर लिया है। वहीं ठेला और रेहड़ी लगाने वाले सड़क पर ही अपनी दुकानदारी कर रहे हैं। खासकर फल, सब्जी एवं ई- रिक्शा वाले सड़क को जाम किए रहते है। इसका खामियाजा शहर में खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इसका अंदाजा शहर के मुख्य बाजार घंटेश्वर मंदिर व गोकल बाजार में लगा सकते हैं।
बाजार में आने वाले लोगों को अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ा करना पड़ता है। जिससे स्थिति और भी विकराल हो जाती है। अतिक्रमणकारियों की वजह से सड़क संकरी हो जाती है। इससे लोगों को आने-जाने में तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं बीच बीच में अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद रेवाड़ी की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है, लेकिन इसके कुछ समय बाद ही स्थिति ज्यो की त्यो बन जाती है। हालात ऐसे हैं कि दुकानों के आगे खड़ी रेहड़ियों की वजह से ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते हैं। यहां अवैध पार्किंग भी बड़ी समस्या है। इसको लेकर नगर परिषद रेवाड़ी की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे दूसरे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बाजार में पार्किंग सुविधा न होने के कारण लोग अपने वाहनों को दुकानों के आगे सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। अपनी दुकानों के आगे रेहड़ी लगाने के लिए दुकानदार द्वारा रेहड़ी वालों से मासिक किराया लिया जाता है। इससे अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। साथ ही लोगों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। इस समस्या को लेकर भी नगर परिषद की ओर से कार्रवाई की जानी चाहिए।
-------------
चौपहिया वाहनों का प्रवेश बंद हो
लोगों का कहना है कि खरीदारी करने के लिए आने वाले लोग अपने साथ चार पहिया वाहनों को लेकर बाजार में प्रवेश करते हैं। इससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसके लिए प्रशासन की ओर से चौपहिया वाहनों का प्रवेश बंद होना चाहिए। कुछ समय पहले चौैपहिया वाहनों का प्रवेश बाजार में बंद कर दिया गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद ही बाजार में चौपहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। पूरे दिन हजारों लोग बाजार में खरीददारी करने आते हैं। बाजार में लगभग सभी जगह अतिक्रमण की समस्या है। दुकानों के सामने भारी संख्या में पटरी विक्रेताओं ने खाने-पीने से संबंधित सामान की रेहड़ी लगा रखी है।
---------------
नगर परिषद की ओर से नाले व सड़क बनाने व अतिक्रमण से मुक्ति दिलवाने के लिए कहा गया था, लेकिन ना ही नाले बन पाए हैं और ना ही सड़क। अतिक्रमण की समस्या भी वैसी की वैसी ही है। इलाके में अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर परिषद गंभीर नहीं है। नगर परिषद की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित कार्रवाई नहीं की जाती है। -सुभाष अग्रवाल, गोकल गेट सेंटर एसोसिएशन प्रधान
----------------------
अतिक्रमण की समस्या ने दुकानदारों को परेशान कर दिया है। मना करने के बावजूद पटरी विक्रेता दुकानों के सामने खड़े हो जाते हैं। जिससे ग्राहकों को बाजार में आने-जाने में समस्या होती है। नगर परिषद बाजार में अतिक्रमण हटाने को लेकर बिलकुल भी गंभीर नहीं है, इसकी वजह से परेशानी ज्यादा बढ़ गई है। -मोनू जैन, दुकानदार
----------------------
इलाके में पार्किंग की व्यवस्था न होने से भी बाजार में अतिक्रमण व जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रशासन पार्किंग की व्यवस्था कराए। पार्किंग के अभाव में लोगों को मजबूरन सड़क पर वाहन खड़ा करना पड़ता है। साथ ही पटरी विक्रेताओं द्वारा सड़क व दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण पर लगाम लगाने की जरूरत है। -अरुण शर्मा, ग्राहक
---------------------
वर्जन-
दुकानदारों से अपील की जा चुकी है कि वे अतिक्रमण न करें। वे मानने को तैयार नहीं हैं। शीघ्र ही बाजार और शहर को अतिक्रमण मुक्त करो अभियान सख्ती से चलाया जाएगा। साथ ही अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। -पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद
---------------------