रेवाड़ी। पांच व छह नवंबर को आयोजित होने वाली संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) को लेकर रोडवेज प्रबंधन की ओर से बसों में निशुल्क यात्रा के लिए टिकटों की एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है। वीरवार को 5 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए टिकटों की बुुकिंग के लिए अभ्यर्थियों ने सुबह से ही आना शुरू कर दिया, लेकिन बस स्टैंड पर व्यवस्था सही नहीं होने के कारण एडवांस बुकिंग करीब एक घंटे देरी से शुरू हुई। इस दौरान यहां अभ्यर्थियों की काफी भीड़ जमा हो गई। इसके कारण पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ी। जिले से 75 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का इस परीक्षा में शामिल होने का अनुमान है। साथ ही बस स्टैंड पर 10 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था रखी जाएगी।
सीईटी दो शिफ्टों में होगी, जिसके लिए रोडवेज की ओर से अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज बसों का निशुल्क संचालन किया जा रहा है। इसमें महिला अभ्यर्थियों के साथ परिवार के एक अन्य सदस्य को भी निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है, लेकिन उस परिवार पहचान पत्र दिखाने के बाद ही छूट मिलेगी। बस स्टैंड पर टिकटों की एडवांस बुकिंग कराने के लिए सुबह से ही अभ्यर्थियों का आवागमन शुरू हो गया था। इस दौरान रोडवेज प्रबंधन की ओर से हुई देरी से अभ्यर्थियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बस स्टैंड चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों को शांतिपूर्वक खड़े होकर अपनी बुकिंग कराने का आग्रह किया। वहीं, एडवांस बुकिंग के लिए पहले तो केवल पांच ही काउंटर लगाए गए, लेकिन बढ़ती भीड़ को देखते हुए काउंटर को दोगुना करना पड़ा। भीड़ अधिक होने के चलते छह नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए एडवांस बुकिंग नहीं की गई। इन अभ्यर्थियों को शुक्रवार को आने का आग्रह किया गया ताकि व्यवस्था को बनाया जा सके।
पांच जिलों में जाएंगी रोडवेज की बसें पूछताछ के लिए हेल्प डेस्क स्थापित
सरकार की तरफ से पहले तो अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र 100 किलोमीटर के दायरे में देने की बात कही जा रही थी, लेकिन एडमिट कार्ड आने के बाद पता चला है कि अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र 200 से 300 किलोमीटर की दूरी पर दिए गए हैं। रोडवेज प्रबंधन की तरफ से संयुक्त पात्रता परीक्षा को लेकर पांच जिलों में बसें भेजी जाएंगी। इसमें फरीदाबाद, पलवल, सोनीपत, गुरुग्राम, भिवानी जिले शामिल हैं।
अधिकारी के बोल
परीक्षा को लेकर रोडवेज की ओर से कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। विभाग के आदेशानुसार एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है। शुक्रवार को छह नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए एडवांस बुकिंग की जाएगी। पूछताछ के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित कर दी है।
रितु शर्मा, यातायात प्रबंधक रेवाड़ी डिपो
-----------------------------------
अभ्यर्थियों से बातचीत
रोडवेज की ओर से अभ्यर्थियों के लिए कोई सुविधा नहीं की गई है। काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। घंटों से कतारों में खड़े है। रोडवेज की ओर से निर्धारित समय के बाद एडवांस बुकिंग शुरू कई है।
-रविंद्र
----
सुबह करीब 8 बजे से भूखे-प्यासे लाइनों में खड़े है। कोई पूछने वाला भी नहीं है। रोडवेज की ओर से अभ्यार्थियों के लिए पेयजल आदि की भी कोई सुविधा नहीं की गई।
-नीशू
-----
सबह से इधर-उधर परेशान होकर घूम रहे हैं। न बैठने की व्यवस्था है और न ही पेयजल आदि की सुविधा। लाइनों में से निकल कर जाते हैं तो नंबर कट जाता है। भूख-प्यास से भी परेशान हो रहे हैं।
-सरोज
----
कहने को रोडवेज की ओर से सुविधाओं का दावा किया जा रहा है, लेकिन यहां सुबह से अव्यवस्था फैली हुई है। अधिकारियों को भी अवगत कराया है।
-गौरव