संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। नगर पालिका बावल के वार्ड नंबर 11 में पार्षद पद पर उपचुनाव के लिए रविवार को मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। मतदान के बाद मतगणना होगी और परिणाम घोषित किया जाएगा। उपचुनाव के लिए थाना रोड बावल स्थित पुराना बीडीपीओ कार्यालय में मतदान केेंद्र बनाया गया है।
एसडीएम बावल एवं रिटर्निंग अधिकारी नगर पालिका बावल डाॅ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा निर्वाचन आयोग की ओर से उपचुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण होने व परिणाम घोषित होने तक चुनाव में शामिल संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा नगर पालिका बावल के वार्ड नंबर 11 से संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला में हरियाणा चुनाव आयोग की ओर से जारी की गई सभी गाइडलाइन की दृढ़ता से पालन कराया जाएगा।
बावल क्षेत्र में आज रहेगा सार्वजनिक अवकाश
एसडीएम ने बताया कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका बावल अधिकार क्षेत्र में रविवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। नगर पालिका बावल के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी कारखानों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक उपक्रमों, व्यापार, दुकानों आदि में अवकाश रहेगा ताकि क्षेत्र में स्थित कारखानों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, दुकानों आदि के श्रमिक मतदान कर सकें।